
स्थान : लक्सर

ब्यूरो रिपोर्ट

होली और रमजान जैसे त्योहारों के दृष्टिगत लक्सर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग ने नगर में मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने लक्सर के नायब तहसीलदार मधुकर जैन के साथ मिलकर नगर में खाद्य सामग्री संस्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान आधा दर्जन मिठाई संस्थानों से गुलाब जामुन, गुजिया और समोसे के नमूने लिए गए।


खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने नमूनों को सील करके जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई मिलावटखोरी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ है।

दिलीप जैन ने कहा कि त्योहारों के समय मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटखोरी में लिप्त कोई भी प्रतिष्ठान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि लक्सर नगर के सभी प्रमुख मिठाई और खाद्य संस्थानों पर नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। विभाग ने व्यापारियों से भी अपील की है कि वे गुणवत्ता मानकों का पालन करें और ग्राहकों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं।

खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि ऐसे अभियान न केवल उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए हैं, बल्कि व्यापारी वर्ग में भी जागरूकता बढ़ाने का काम करेंगे।

