
स्थान : लक्सर

ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर तहसील के अबदीपुर गांव में ग्राम पंचायत व वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा के मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद तहसील प्रशासन ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस क्रम में कानूनगो अनिल गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित भूमि की फेमाईश का काम शुरू किया। भूमि निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान और शिकायतकर्ता ग्रामीण भी मौजूद रहे।


राजस्व अधिकारियों ने बताया कि यह भूमि पूरी तरह से सरकारी है और मामले में हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार भूमि का पहले चिन्हांकन और फेमाईश किया जा रहा है। इसके बाद ही अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखना और ग्रामीणों के बीच कानून के प्रति विश्वास बनाए रखना है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और भूमि पर किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का स्वागत किया और कहा कि लंबे समय से भूमि पर विवाद बना हुआ था। उन्होंने प्रशासन और राजस्व विभाग से आश्वासन दिया कि वे उच्चतम न्यायालय के आदेश का पूरी तरह पालन करेंगे।

राजस्व विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी सरकारी भूमि का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।

