
स्थान -नैनीताल

ब्यूरो रिपोट

सरोवर नगरी नैनीताल और प्रदेश में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल आने का सिलसिला जारी है। आज नैनीताल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार कार्यालय में भी एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद पूरे शहर और हाईकोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।


कुमायूँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल स्वयं हाईकोर्ट परिसर पहुँचीं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। आईजी कुमायूँ के निर्देश पर न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई।

डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और एंटी-सबोटाज टीमों द्वारा सघन जांच की गई। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर आने वाले व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है।

सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए स्थानीय पुलिस, पीएसी की एक कंपनी और एटीएस की टीम भी हाईकोर्ट परिसर में तैनात की गई है। वहीं, साइबर सेल धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच कर उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। हाईकोर्ट परिसर में वर्तमान में भारी पुलिस बल, उच्चाधिकारी और अधिवक्ता तैनात हैं। पुलिस ने परिसर के चारों ओर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और सभी प्रवेश गेटों पर सख्त चेकिंग अभियान जारी है।


सूत्रों के अनुसार धमकी भरा ईमेल सीधे रजिस्ट्रार जर्नल कार्यालय में भेजा गया था, जिससे हाईकोर्ट प्रशासन और पुलिस को सुरक्षा अलर्ट जारी करना पड़ा।

