कालसी में वाहन हादसा: तीन की मौत, पांच गंभीर घायल

कालसी में वाहन हादसा: तीन की मौत, पांच गंभीर घायल

स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

कालसी क्षेत्र के चिट्टाड़ गांव से विकासनगर जा रही यूटिलिटी वाहन आज सुबह हादसे का शिकार हो गई।

हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर वायाधार के पास गहरी खाई में गिर गया। हादसे के समय वाहन में कुल आठ लोग सवार थे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई,

जबकि घायलों को उपचार के लिए उपजिला चिकित्सालय विकासनगर ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दो और की मौत हो गई।

घायलों का उपचार उपजिला चिकित्सालय में जारी है। चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति गंभीर बताते हुए उनका विशेष उपचार कर रहे हैं।

राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर फिसलन और वाहन की गति हादसे का मुख्य कारण हो सकता है।

पछवादून दौरे पर आई टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने उपजिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया।

सांसद शाह ने पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित सड़क परिवहन के लिए लगातार प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।