हरिनगर–सेरुवा-सीमाला मोटर मार्ग को मिली मंजूरी, 8.06 करोड़ स्वीकृत

हरिनगर–सेरुवा-सीमाला मोटर मार्ग को मिली मंजूरी, 8.06 करोड़ स्वीकृत

स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा जगलियागांव के हरीनगर से सेरुवा-सीमाला तक मोटर मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में किसानों को अपना कृषि उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में काफी दिक्कतें होती थीं। ग्रामीणों को 5 से 6 किलोमीटर की दूरी तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों दोनों की हानि हो रही थी।

विधायक कैड़ा ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से भी यह मार्ग बेहद जरूरी था। सड़क न होने के कारण मरीजों को डोली के सहारे मुख्य मार्ग तक लाना पड़ता था, जिससे कई बार गंभीर हालात पैदा हो जाते थे।

ग्रामीणों की लगातार मांग को देखते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने हरीनगर से सेरुवा-सीमाला तक मोटर मार्ग के निर्माण और डामरीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा था।

उन्होंने बताया कि अब इस मोटर मार्ग के निर्माण और डामरीकरण के लिए 8 करोड़ 6 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है। साथ ही इस परियोजना की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

विधायक ने कहा कि जल्द ही मोटर मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा और निर्माण पूर्ण होते ही सड़क पर डामरीकरण का कार्य भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को स्थायी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो पा रही हैं।