
लोकेशन : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट
समाजसेवी एवं जनजाति समाज में मजबूत पकड़ रखने वाले भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


वहीं, घटना के समय उनके साथ मौजूद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य और मलकीत राणा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों एक विवाह समारोह से लौटकर ग्राम सेजना के पास पहुंचे थे। रास्ते में कंजाबाग स्थित शराब भट्टी से शराब की बोतल खरीदी गई, जिसके बाद वे जानकी मंडप में बैठ गए। बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों ने पहला पैक लिया, उसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, जिस स्थान पर तीनों बैठकर शराब पी रहे थे, वहां पानी की बोतल के स्थान पर किसी जहरीले पदार्थ की बोतल भी मिली है। इससे पूरे मामले में साजिश या गंभीर लापरवाही की आशंका गहराती जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा शराब की बोतल और संदिग्ध जहरीले पदार्थ को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

भाजपा नेता ढिल्लू सिंह राणा की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और समर्थकों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


