
स्थान –डोईवाला
ब्यूरो रिपोर्ट
विकसित भारत जी राम जी रोजगारी गारंटी योजना को लेकर प्रत्येक ब्लॉक में छह सप्ताह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को योजना के उद्देश्यों और लाभों से अवगत कराया जाएगा।


इसी क्रम में गुरुवार को डोईवाला ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी परशुराम शकलानी की अध्यक्षता में विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधानों और संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी (डीपीओ) नरेंद्र प्रताप नेगी ने कार्यक्रम के पहले दिन योजना की नई गाइडलाइंस की जानकारी दी।


उन्होंने बताया कि छह सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम के पहले सप्ताह में आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों की थीम पर कार्य किया जाएगा।

इस दौरान गांव-गांव में शिक्षा से जुड़ी चर्चाओं के साथ आमजन को विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रति जागरूक किया जाएगा।

खंड विकास अधिकारी परशुराम शकलानी ने बताया कि पहले मनरेगा योजना के तहत 100 दिनों की रोजगार गारंटी दी जाती थी,


लेकिन अब विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यदिवसों की संख्या बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। इसे लेकर सरकार द्वारा नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन नई गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत विकास कार्यों को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों को रोजगार और लाभ मिल सके।

