
स्थान – मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

मसूरी माल रोड पर पटरी व्यापारियों को हटाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आज टीवीसी बैठक में व्यापारियों को व्यवस्थित करने के लिए अहम बैठक का आयोजन किया गया था, जिसमें लगभग 120 लोगों को विस्थापित किया जाना था।


हालांकि नगर पालिका ने केवल 20 लोगों को पटरी लगाने की अनुमति दी, जिससे लंबे समय से बेरोजगारी और आर्थिक दबाव झेल रहे पटरी व्यापारियों का सब्र का बांध टूट गया।

व्यापारियों ने बैठक छोड़कर नगर पालिका प्रांगण में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और सभी 120 लोगों को पटरी लगाने की अनुमति देने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने व्यापारियों को एक बार फिर बैठक के लिए आमंत्रित किया। लेकिन नगर पालिका सभागार में भी व्यापारियों और पालिका के बीच कोई समझौता नहीं हो सका।
इस पर आक्रोशित पटरी व्यापारियों ने टीवीसी कमेटी भंग करने की मांग रखते हुए नगर पालिका प्रांगण में जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।
पटरी व्यापारी संघ के अध्यक्ष रामकिशन राही ने आरोप लगाया कि नगर पालिका गरीब और छोटे व्यापारियों का शोषण कर रही है और न्यायसंगत समाधान नहीं दे रही।


स्थानीय लोगों ने कहा कि यह मामला केवल व्यापारियों का नहीं बल्कि गरीब वर्ग के रोजगार और आजीविका से जुड़ा है, जिसे लेकर प्रशासन जल्द समाधान निकाले।
नगर पालिका और पटरी व्यापारियों के बीच फिलहाल तनाव बरकरार है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए आगे और बैठकें आयोजित करने की संभावना जताई जा रही है।

