
स्थान : खटीमा/सितारगंज
ब्यूरो रिपोर्ट

छुट्टियों पर घर लौट रहे ITBP जवान त्रिलोक कुमार की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उनके पिता ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसा किच्छा हाइवे पर बघौरा गांव के पास एक रेस्टोरेंट के समीप हुआ।


खबर के अनुसार, त्रिलोक अपने पिता के साथ खटीमा से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आए डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज में भर्ती कराया।


डॉक्टरों ने त्रिलोक को मृत घोषित कर दिया। उनके पिता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही त्रिलोक के गांव में मातम छा गया। परिजन रो-रो कर बुरी तरह से टूट गए। त्रिलोक विवाहित थे और उनके दो छोटे बच्चे हैं। वह वर्तमान में लद्दाख में तैनात थे और हाल ही में छुट्टी लेकर घर आए थे।


परिजनों के अनुसार, त्रिलोक खटीमा में किसी रिश्तेदार से मिलने गए थे और हादसे की खबर ने पूरे परिवार को सदमा पहुंचाया है।


पुलिस ने हादसे का पंचनामा कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा जाएगा।
घटना के बाद पुलिस ने सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति पर निगरानी बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

