
स्थान ; पौड़ी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले के पैठाणी स्थित विश्व के एकमात्र राहू मंदिर में आज सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत और भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंदिर प्रांगण में भूमि पूजन कर कार्य की शुरुआत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


कैबिनेट मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि पैठाणी का राहू मंदिर विश्व में अपनी अनूठी पहचान रखता है। सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। इससे न केवल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


उन्होंने बताया कि पर्यटन के बढ़ने से पैठाणी के निजी बाजार और व्यापारिक गतिविधियों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की अन्य विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया। डॉ. रावत ने कहा कि मलुण्ड–पैठाणी पम्पिंग योजना 100 दिनों के भीतर पूरी कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के प्रत्येक गांव को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि मूलभूत सुविधाएं हर गांव तक पहुंचे और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर बने। उन्होंने भविष्य में बद्रीनाथ और केदारनाथ यात्रा को पैठाणी से जोड़ने की योजना का भी खुलासा किया। इसके बाद राहू मंदिर में आने वाले श्रद्धालु यहीं से होकर प्रमुख धामों के दर्शन कर सकेंगे।

डॉ. रावत ने जनता से अपील की कि लोगों का स्नेह और समर्थन ऐसे ही बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आने वाले दो वर्षों में पैठाणी क्षेत्र में व्यापक विकास होगा, जिसका लाभ स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा।

इस अवसर पर शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि पैठाणी में स्थापित व्यावसायिक विश्वविद्यालय में गरीब से गरीब परिवार का बच्चा भी शिक्षा प्राप्त कर रहा है, और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।


कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष गणेश राठी, जिला पंचायत सदस्य भरत रावत और शिवचरण नौटियाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

