खटीमा के अमाऊं में पूर्व सैनिकों ने धूमधाम से मनाया सेना दिवस

खटीमा के अमाऊं में पूर्व सैनिकों ने धूमधाम से मनाया सेना दिवस

स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्ट – अशोक सरकार

सीमांत क्षेत्र खटीमा के अमाऊं में सेना दिवस का आयोजन पूर्व सैनिकों द्वारा बड़े हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगेन्द्र कुमार, सचिव जिला विधिक प्राधिकरण उपस्थित रहे। उन्होंने शहीदों की याद में दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धांजलि दी।

पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने कार्यक्रम का विधिवत आरंभ करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया और सेना दिवस पर समस्त पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके परिवारों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे कर्नल धर्मवीर राजपूत, कर्नल सी पी कोठारी (जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उधम सिंह नगर), कमल बिष्ट (प्रबंधक KITM कॉलेज खटीमा), कैप्टन गगन चंद रजवार (सेक्यूरिटी ऑफिसर भोजीपुरा), सुबेदार दान सिंह सामंत और हवलदार जगत सिंह मारकंडेय

मंच संचालन कैप्टन नारायण सिंह सौन ने किया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। इसके अलावा बच्चों द्वारा कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिन्हें देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साह व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि ने वीर नारियों को कंबल और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, आयोजन को सफल बनाने वाले पूर्व सैनिकों को भी कंबल के साथ सम्मानित किया गया। कैप्टन लक्ष्मण सिंह महर ने सेना दिवस के महत्व पर संक्षेप में प्रकाश डाला।

संगठन अध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों और उनके अध्यापकों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को सेना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

मुख्य अतिथि योगेन्द्र कुमार ने सभी पूर्व सैनिक परिवारों को आश्वस्त किया कि जिला सेवा प्राधिकरण हमेशा पूर्व सैनिकों की सहायता के लिए तत्पर रहेगा। इस अवसर पर संगठन में अन्य उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों को भी मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम ने खटीमा के अमाऊं में पूर्व सैनिकों और स्थानीय समाज के बीच सेना के प्रति सम्मान और आदर की भावना को और मजबूत किया।