
स्थान – पौड़ी

ब्यूरो रिपोर्ट

अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण में न्याय की मांग को लेकर सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा किए गए बाजार बंद के आह्वान को कांग्रेस ने समर्थन दिया। इसी क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर के समीप हेमवती नंदन बहुगुणा की मूर्ति स्थल पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी सीबीआई जांच की मांग उठाई।


धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूरे प्रदेश में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जन आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है और आम जनता बड़ी संख्या में न्याय की मांग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक की कार्रवाई से जनता संतुष्ट नहीं है, जिससे सरकार की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में केवल छोटे स्तर के आरोपियों पर ही नहीं, बल्कि संभावित वीआईपी और अन्य प्रभावशाली संलिप्त लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने मांग की कि सरकार किसी दबाव में आए बिना दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
धरना स्थल पर मौजूद जिला अध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदेश प्रवक्ता अद्वैत बहुगुणा ने कहा कि सीबीआई जांच तभी सार्थक होगी, जब वह पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मामले को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।

धरना प्रदर्शन में पूर्व विधानसभा सचिव जगदीश चंद्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा कमला रावत, युवा जिला अध्यक्ष मोहित सिंह, जिला अध्यक्ष सोशल मीडिया उपेंद्र रावत सहित कई वरिष्ठ और युवा नेता शामिल रहे।
इसके अलावा युद्धवीर सिंह रावत, भास्कर बहुगुणा, अंकित सुंदरियाल, विनोद दनोशी, कमला नेगी, विजय दर्शन बिष्ट, छात्र संघ महासचिव हर्षवर्धन जैन, राहत हुसैन, नगर अध्यक्ष भरत सिंह रावत और तस्लीम जावेद की भी सक्रिय मौजूदगी रही।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दिलाई, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी और यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।

