
स्थान- खटीमा उधम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार

भाजपा कार्यकर्ताओं ने खटीमा मुख्य चौराहे पर विधायक भुवन कापड़ी का पुतला दहन कर विरोध जताया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष जीवन धामी और प्रदेश उपाध्यक्ष, भाजपा युवा मोर्चा सतीश चंद्र भट्ट ने किया।


भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि खटीमा विधायक भुवन कापड़ी विकास विरोधी हैं। उनका कहना है कि जहां-जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा विकास कार्य किए जाते हैं,

वहां विधायक कापड़ी अवरोध उत्पन्न करते हैं। उदाहरण के रूप में उन्होंने खटीमा-मझोला मुख्य मार्ग का जिक्र किया। इस मार्ग का टेंडर पहले ही पड़ चुका था,
लेकिन कांग्रेस विधायक भुवन कापड़ी के बार-बार धरना-प्रदर्शन और विरोध के कारण सड़क निर्माण में विलंब हुआ।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि विधायक कापड़ी स्वयं विकास कार्य नहीं कर सकते तो कम से कम मुख्यमंत्री द्वारा खटीमा के लिए लाई जा रही योजनाओं को लागू करने में सहयोग करें, न कि उनका विरोध करें।

मामला सरपुरा से बग्गा चौहान तक बनने वाली सड़क से शुरू हुआ। खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने इस सड़क की लगभग 2 करोड़ रुपये की योजना में कमियों का वीडियो बनाकर आरोप लगाया था।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे विकास विरोधी कदम बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और विधायक का पुतला दहन किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका यह विरोध खटीमा और आसपास के क्षेत्र में विकास कार्यों को सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास विरोधी गतिविधियों पर ध्यान दें और क्षेत्र में विकास को गति देने में सहयोग करें।
इस प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे और उन्होंने जोर-शोर से विकास विरोधी तत्वों के खिलाफ नारे लगाए।

