जौनसार–बावर के हक–हकूकों पर डाका डालने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

जौनसार–बावर के हक–हकूकों पर डाका डालने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

स्थान – विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने उत्तराखंड सरकार पर जौनसार–बावर क्षेत्र के हक–हकूकों का लगातार हनन करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से जौनसार–बावर के लोगों का शोषण हो रहा है और हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र से चुने गए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।

विकासनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बॉबी पंवार ने कहा कि बीते चार वर्षों से जौनसार–बावर की जनता को माफी की लकड़ी तक नहीं दी जा रही है, जबकि यह यहां के लोगों का पारंपरिक और ऐतिहासिक अधिकार रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इन अधिकारों की अनदेखी कर रही है।

बॉबी पंवार ने बताया कि नब्बे के दशक में चले विभिन्न मामलों, उन पर आए न्यायालय के निर्णयों, बाजी बुल अर्ज एक्ट और इससे संबंधित शासनादेश के बावजूद आज तक जौनसार–बावर के हक–हकूक बहाल नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल क्षेत्र की पारंपरिक व्यवस्थाओं पर असर पड़ा है, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका भी संकट में आ गई है।

उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही जौनसार–बावर के हक–हकूकों को लेकर कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो संगठन जन आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि जौनसार–बावर की जनता अपने अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।