मुख्यमंत्री धामी ने सहकारिता मेले का किया उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने सहकारिता मेले का किया उद्घाटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

स्थान – देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहकारिता विभाग द्वारा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ किया। इस वर्ष मेले की थीम “सहकारिता से शहरी–ग्रामीण एकता” रखी गई है।

इस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों और विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नाबार्ड की वार्षिक ऋण लेखा-जोखा से संबंधित पुस्तक का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह मेला उत्तराखंड के आत्मसम्मान की जीवंत तस्वीर है। उन्होंने कहा कि आज सहकारिता का महत्व इतना बढ़ गया है कि विश्व स्तर पर सहकारिता दिवस मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक सहकारिता का लाभ सीमित लोगों तक ही सिमट कर रह गया था और भाई-भतीजावाद हावी था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता को आम जनता को समर्पित कर दिया है। इससे अब सहकारिता के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को समान रूप से लाभ मिल रहा है और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है।