हरिद्वार में वृहद स्वच्छता अभियान को धार देने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

हरिद्वार में वृहद स्वच्छता अभियान को धार देने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

स्थान – हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा आमजन की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकास भवन में एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने बताया कि कंट्रोल रूम के संचालन के लिए मोबाइल नंबर 8273371714 जारी किया गया है। यहां विकास भवन के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी सी.एम. त्रिपाठी नियुक्त किए गए हैं, जबकि इसकी निगरानी जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश करेंगे। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों को संबंधित विभागों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ें, क्योंकि जन सहभागिता से ही हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।