

स्थान : लोहाघाट

ब्यूरो रिपोर्ट


लोहाघाट के बिसंग क्षेत्र स्थित टाण खेल मैदान में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने फाइनल मुकाबले का शुभारंभ करते हुए दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।



पूर्व विधायक फर्त्याल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे और मोबाइल की लत की गिरफ्त में आ रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से बचाने में खेल एक सशक्त माध्यम है। युवाओं को अधिक से अधिक खेलों से जुड़ना चाहिए, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास हो सके।




उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से खेल प्रतिभाओं को उभारने की सख्त जरूरत है। साथ ही लोहाघाट में प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार का आभार जताया।


इस दौरान प्रतियोगिता के आयोजक युवाओं द्वारा मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख लोहाघाट महेंद्र ढेक और देवेंद्र बोहरा का स्वागत किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस खेल मैदान का निर्माण पूर्व विधायक फर्त्याल के कार्यकाल में हुआ था, जिसके चलते आज यहां जिले की सबसे अधिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस मैदान में अभ्यास कर क्षेत्र के कई युवा भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने पूर्व विधायक का धन्यवाद किया।



प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।



