लोहाघाट में स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल, पूर्व सभासद ने लगाए गंभीर आरोप

लोहाघाट में स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल, पूर्व सभासद ने लगाए गंभीर आरोप

स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर पालिका लोहाघाट के पूर्व सभासद राज किशोर शाह ने नगर में लगाई जा रही स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए पालिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा लगाई जा रही अधिकांश स्ट्रीट लाइटें घटिया गुणवत्ता की हैं, जिसके चलते वे कुछ ही समय में खराब हो जा रही हैं।

पूर्व सभासद का कहना है कि नगर के कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें या तो पूरी तरह बंद पड़ी हैं या ठीक से जल नहीं रही हैं, जिससे कई इलाकों में अंधेरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में गुलदार का आतंक भी फैला हुआ है, ऐसे में नगर की गलियों में पर्याप्त रोशनी न होने से लोगों को जान-माल का खतरा बना हुआ है।

राज किशोर शाह ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा लगाई जा रही स्ट्रीट लाइटें ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पा रही हैं, जो कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि उच्च गुणवत्ता वाली और भरोसेमंद कंपनियों की स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं तथा जो लाइटें खराब हो चुकी हैं, उन्हें जल्द से जल्द बदला जाए।

इसके साथ ही पूर्व सभासद ने नगर के विभिन्न स्थानों पर सोलर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाने की भी मांग की, ताकि बिजली की समस्या से निजात मिल सके और स्थायी समाधान हो सके।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर पालिका ने जल्द ही स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया, तो वह पालिका के खिलाफ आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका लोहाघाट की होगी।