

स्थान- लालकुआँ
ब्यूरो रिपोर्ट


क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध शराब, वैध शराब की अवैध बिक्री और अब नशीले इंजेक्शन, ड्रग्स व स्मैक के बढ़ते कारोबार को लेकर पूर्व विधायक नवीन दुमका ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आबकारी महकमे की भूमिका को लचर, उदासीन और हास्यास्पद बताते हुए कहा कि विभाग की निष्क्रियता के चलते समाज में नशे का जाल तेजी से फैलता जा रहा है।



पूर्व विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि आबकारी विभाग एक ही बोर्ड पर लिखवाता है कि “शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है”, लेकिन उसी बोर्ड पर तीर लगाकर शराब की दुकान का रास्ता भी दिखा देता है। उन्होंने कहा कि जब हालात ऐसे हों, तो युवाओं को नशे से बचाने की बातें केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं।


नवीन दुमका ने गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि अब समस्या केवल शराब तक सीमित नहीं है, बल्कि नशीले इंजेक्शन, स्मैक और अन्य ड्रग्स की अवैध बिक्री ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। इससे क्षेत्र की युवा पीढ़ी तेजी से बर्बादी की ओर बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद आबकारी महकमा आंख मूंदे बैठा है।



उन्होंने स्थानीय पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस स्तर पर कुछ हद तक कार्रवाई जरूर देखने को मिलती है, लेकिन आबकारी विभाग की निष्क्रियता पूरे तंत्र पर सवाल खड़े करती है। दुमका ने कहा कि कच्ची शराब, वैध शराब की अवैध बिक्री और नशीले पदार्थों के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।

पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जिला प्रशासन के साथ-साथ मुख्यमंत्री से सीधे वार्ता करेंगे और आबकारी महकमे की जवाबदेही तय कराने की मांग करेंगे।

इधर, समाजसेवी पियूष जोशी ने भी अवैध नशे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



