हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर तेज रफ्तार कार हादसा, 4 युवकों की मौत

हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर तेज रफ्तार कार हादसा, 4 युवकों की मौत

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर पीएनबी आईडीपीएल सिटी गेट के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह परखच्चे हो गई और कार में सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाली आईडीपीएल और श्यामपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह कार में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल की मोर्चरी भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे का नजारा बेहद भयानक था।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई:

  • धीरज जयसवाल (31) निवासी चंद्रेश्वर नगर
  • हरिओम पांडे (22) निवासी हनुमान मंदिर, गुमानीवाला
  • करन प्रसाद (23) निवासी विस्थापित कॉलोनी, श्यामपुर
  • सत्यम कुमार (20) निवासी गुर्जर बस्ती, गुमानीवाला

कोतवाल के भट्ट ने बताया कि प्रथम जांच में पता चला है कि सड़क पार कर रहे सांड को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे से जा टकराई।

घटना का फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क पार कर रहे आवारा पशु को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो रही थी। रफ्तार भी हादसे में मुख्य कारण रही। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद उनके घरों में मातम छा गया है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और आवारा पशुओं के खतरे की याद दिलाता है।