‘मन की बात’ में उत्तराखंड का उल्लेख, औली में शीतकालीन खेलों व नववर्ष को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज

‘मन की बात’ में उत्तराखंड का उल्लेख, औली में शीतकालीन खेलों व नववर्ष को लेकर सुरक्षा तैयारियां तेज

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह व्यक्त करते हुए शीतकालीन पर्यटन, साहसिक खेलों और हिमालयी क्षेत्रों की असीम संभावनाओं की सराहना की। उन्होंने देशवासियों से सर्दियों के मौसम में औली सहित उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि आगामी दिनों में उत्तराखंड में विंटर गेम्स का आयोजन किया जाना है, जिससे राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद औली में शीतकालीन खेलों, 31 दिसंबर एवं नववर्ष 2026 के अवसर पर संभावित भारी भीड़ और सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने सुरक्षा तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पहल करते हुए आज औली में आईजी आईटीबीपी अखिलेश रावत से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान औली में प्रस्तावित शीतकालीन खेलों तथा नववर्ष के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल और पुलिस-आईटीबीपी के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस बल की तैनाती, पर्यटकों की सहायता के लिए संयुक्त रणनीति तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु कार्ययोजना पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक में डिप्टी कमांडेंट नानक चंद ठाकुर, डिप्टी कमांडेंट रंजन दास, डिप्टी कमांडेंट इन्द्रजीत तथा प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेन्द्र रावत भी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत एसपी चमोली द्वारा कोतवाली ज्योतिर्मठ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर स्थित कार्यालय भवन, मालखाना, भोजनालय एवं पुलिसकर्मियों के आवासीय भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने और ड्यूटी पर तैनात जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र रावत, उपनिरीक्षक अनिल बिंजोला एवं अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र भी मौजूद रहे।