

स्थान : बाज़पुर उधनसिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के पर्यटकों के प्रवेश द्वार बाज़पुर नगर में कोतवाल नरेश चौहान ने जन सहयोग से यातायात व्यवस्था सुचारु करने के बाद अब स्कूल जाने वाले नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक में बाज़पुर क्षेत्र के सभी स्कूलों के प्रबंधक और अभिभावक संघ के पदाधिकारी शामिल हुए।




बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों द्वारा दो-पहिया वाहनों का उपयोग न करने के लिए स्कूल प्रबंधकों और अभिभावकों को सख्त हिदायत देना था। कोतवाल नरेश चौहान ने कहा कि इस नियम की अनदेखी करने पर स्कूल प्रबंधकों और अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी स्कूलों को सुनिश्चित करना होगा कि अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को दो-पहिया वाहन से स्कूल न भेजें।


कोतवाल ने बताया कि इस निर्णय के पीछे कई ऐसे घटनाक्रम हैं जिनमें नाबालिग बच्चों द्वारा दो-पहिया वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं। बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने विशेष पीपीटी तैयार की है, जिसके माध्यम से स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।




बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी स्कूल प्रबंधक अभिभावकों तक इस संदेश को पहुंचाएँ और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। कोतवाल ने कहा कि इस दिशा में सख्ती बरती जाएगी ताकि नगर में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और यातायात व्यवस्था में सुधार बने।


