विकासनगर में तहसील प्रशासन और भू-माफियों के खिलाफ शवयात्रा, बजरंग दल ने किया प्रदर्शनसरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग

विकासनगर में तहसील प्रशासन और भू-माफियों के खिलाफ शवयात्रा, बजरंग दल ने किया प्रदर्शनसरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर में आज एक अनोखी घटना देखने को मिली, जहां बजरंग दल के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन और भू-माफियों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए शवयात्रा निकाली। कंधों पर अर्थियां और मुंह में राम नाम का उच्चारण करते हुए प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन और सफेदपोशों की “शवयात्रा” निकालकर पिंडदान किया।

जानकारी के अनुसार, सेलाकुई में एकत्रित हुए दर्जनों बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ तहसील प्रशासन और सरकारी भूमि पर कब्जा जमाने वाले भू-माफियों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद शवयात्रा विकासनगर तहसील तक निकाली गई और तहसील परिसर में जाकर अंतिम संस्कार एवं पिंडदान किया गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तहसील प्रशासन गोल्डन फॉरेस्ट समेत अन्य सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए भू-माफियों के खिलाफ कार्रवाई करने में चुप्पी साधे हुए है। वहीं, कुछ सफेदपोशों द्वारा इन भू-माफियों को संरक्षण दिए जाने की भी शिकायत सामने आई है।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन कर्मचारियों और भू-माफियों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग भी की। उनका कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद भी तहसील प्रशासन भू-माफियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। प्रदर्शनकारियों ने इसे सरकारी भूमि पर कब्जे की गंभीर समस्या बताया और प्रशासन की निष्क्रियता पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि का रजिस्टर तहसील के बजाय भू-माफियों के पास है और इस कुप्रथा को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।