दिल्ली–यमुनोत्री हाईवे पर हाथियों का झुंड, कुछ देर मची अफरा-तफरीवन विभाग की सूझबूझ से सुरक्षित निकले हाथी और राहगीर

दिल्ली–यमुनोत्री हाईवे पर हाथियों का झुंड, कुछ देर मची अफरा-तफरीवन विभाग की सूझबूझ से सुरक्षित निकले हाथी और राहगीर

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

विकासनगर क्षेत्र में दिल्ली–यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टिमली रेंज के घने जंगल से हाथियों का एक झुंड अचानक सड़क पार करने के लिए मुख्य मार्ग पर आ गया। हाईवे पर हाथियों को देखकर राहगीरों की सांसें थम गईं और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड का आधा हिस्सा सड़क पार कर चुका था, जबकि कुछ हाथी वाहनों की आवाज और हलचल से घबराकर बीच में ही रुक गए। इससे हाईवे पर स्थिति और भी संवेदनशील हो गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ देर के लिए हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और लोगों को सुरक्षित दूरी पर पीछे हटाया। इसके बाद हाथियों ने स्वयं को सुरक्षित महसूस किया और कुछ ही समय में पूरा झुंड आराम से सड़क पार कर घने जंगल की ओर चला गया।

हाथियों के जंगल में चले जाने के बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया गया और राहगीरों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से सटे मार्गों पर वन्यजीव दिखने की स्थिति में धैर्य रखें और उनकी सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करें।