

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्ट : धर्मराज



लघु व्यापारियों को व्यवस्थित और सुरक्षित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में हरिद्वार नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भगत सिंह चौक से सेक्टर–2 बैरियल क्षेत्र में नगर निगम द्वारा विकसित तीसरे वेंडिंग ज़ोन में सोमवार को 10 लाभार्थियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से दुकानें आवंटित की गईं।


कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल ने स्वयं पर्ची निकालकर दुकानों का आवंटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी, कर्मचारी और लघु व्यापारी मौजूद रहे।



कुंभ से पहले सभी रेडी–पटरी व्यापारियों को मिलेगा व्यवस्थित स्थान

मेयर किरण जैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में हरिद्वार में सभी पंजीकृत स्ट्रीट वेंडरों को कुंभ मेले से पहले व्यवस्थित वेंडिंग ज़ोन में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना के तहत छोटे कारोबारियों को सम्मानजनक व स्थायी स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



वेंडिंग ज़ोन में सुविधाओं की मांग

लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने नगर निगम व प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि वेंडिंग ज़ोन बनने से छोटे व्यापारियों को स्थिर और सुरक्षित व्यापारिक माहौल मिलेगा। उन्होंने अन्य वेंडिंग ज़ोन में मूलभूत सुविधाएँ, सौंदर्यीकरण और बेहतर प्रबंधन की भी मांग रखी।

हरिद्वार में छोटे व्यापारियों के लिए यह कदम आत्मनिर्भरता और सुव्यवस्थित शहरी विकास की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।



