

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत द्वारा सिख समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद विकासनगर में सिख समुदाय का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को सिख समाज के लोग पहाड़ी गली चौक पर जुटे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत का पुतला दहन कर अपना रोष व्यक्त किया।



विवाद कैसे शुरू हुआ
मिली जानकारी के अनुसार, हरक सिंह रावत शुक्रवार को हरिद्वार रोड स्थित वकीलों के धरनास्थल पर समर्थन देने पहुंचे थे। हड़ताल के 26वें दिन जब वे वकीलों के साथ संवाद कर रहे थे, तब एक सिख वकील कुछ कहने के लिए खड़ा हुआ। इस दौरान रावत ने कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे विवाद पैदा हो गया।




माफी के बावजूद बरकरार आक्रोश
घटना के बाद हरक सिंह रावत ने अपने बयान के लिए माफी भी मांगी, लेकिन समुदाय में आक्रोश अभी भी बरकरार है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि ऐसे बयानों को दोबारा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस तैनात की और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन संपन्न कराने की कोशिश की।




