उत्तराखण्ड में गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी स्वीकृति

उत्तराखण्ड में गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी स्वीकृति

स्थान – मंगलौर

रिपोर्ट – रोहित कुमार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य की चीनी मिलों द्वारा क्रय किए जाने वाले गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य में वृद्धि को स्वीकृति दे दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और यह सुनिश्चित करना है कि गन्ना किसानों को उनकी उपज का पूर्ण और उचित मूल्य समय पर मिले।

गत पेराई सत्र 2024–25 में अगेती प्रजाति का राज्य परामर्शित मूल्य ₹375 प्रति कुंतल और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹365 प्रति कुंतल था। इस वर्ष 2025–26 के लिए इन मूल्यों में वृद्धि करते हुए, अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 प्रति कुंतल और सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹395 प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मूल्य निर्धारण की प्रक्रिया में सहकारी, सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की चीनी मिलें, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, किसान संगठन और अन्य हितधारक शामिल हुए। इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित एफ.आर.पी., उत्तर प्रदेश में लागू गन्ना मूल्य और राज्य की भौगोलिक व कृषि परिस्थितियों का विश्लेषण कर संतुलित निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक निर्णय में किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। गन्ना किसानों की आय बढ़ाना, उनकी उपज का उचित सम्मान सुनिश्चित करना और सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध भुगतान उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि क्रय केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो और भुगतान बिना देरी के सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेराई सत्र 2025–26 के लिए घोषित यह बढ़ा हुआ मूल्य न केवल गन्ना किसानों को राहत देगा, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा और गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगा।