बद्रीनाथ धाम में आईटीबीपी के जवान तैनात, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

बद्रीनाथ धाम में आईटीबीपी के जवान तैनात, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम

श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट मंगलम 25 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद अब धाम की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है। इस वर्ष भी मंदिर की पूरी सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 23वीं बटालियन के हिम वीर जवानों और अधिकारियों को सौंपी गई है।

देहरादून स्थित इस बटालियन की एक विशेष प्लाटून पूरे बद्रीनाथ मंदिर परिसर में तैनात की गई है। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि पूर्व वर्ष मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा PAC के पास था, लेकिन अब आईटीबीपी की 23वीं वाहिनी बखूबी सुरक्षा का कार्य संभाल रही है।

चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पवार ने बताया कि शीतकाल में भी धाम में थाना पूर्ववत संचालित रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर की प्राथमिक सुरक्षा आईटीबीपी की जिम्मेदारी है, जबकि बदरी पुरी की समग्र सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रबंधन जिला पुलिस प्रशासन के अधीन रहेगा।

एसपी पवार ने कहा कि कपाट मंगलम होने के बाद पूरे मंदिर परिसर में आईटीबीपी के जवान 24 घंटे चौकस और मुस्तैद रहेंगे। यह खास प्लाटून मंदिर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैनात की गई है, ताकि शीतकाल में भी बद्रीनाथ धाम पूरी तरह सुरक्षित रहे।