उत्तराखंड में रोजगार और विकास पर BJP की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

उत्तराखंड में रोजगार और विकास पर BJP की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

स्थान – देहरादून

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को विधायक व प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और नीतियों को जनता तक पहुँचाने पर जोर दिया। चमोली ने विपक्ष पर भ्रामक प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि रोजगार के मामले में तथ्य स्पष्ट हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में विभिन्न सेक्टरों में नौ लाख से अधिक लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया है, जबकि सरकारी नौकरियां रोजगार का केवल एक छोटा हिस्सा हैं।

उन्होंने पर्यटन, कृषि, टमाटर मिशन और शीतकालीन यात्रा जैसे कार्यक्रमों को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मजबूत करने वाले प्रयास बताया।

पेयजल संकट और भविष्य की चुनौतियों पर चमोली ने कहा कि सोम नदी पर प्रस्तावित बांध परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे देहरादून सहित बड़े क्षेत्रों को दीर्घकालिक राहत मिलेगी। साथ ही, उन्होंने हेमकुंड साहिब और उससे जुड़े मार्गों के विकास को आस्था और क्षेत्रीय विकास दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

चमोली ने कहा कि भाजपा की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक सही ढंग से पहुँचाना है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।