लक्ष्मण दत्त भट्ट उप जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण में उजागर हुई अव्यवस्थाएँ

लक्ष्मण दत्त भट्ट उप जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण में उजागर हुई अव्यवस्थाएँ

रिपोर्टर : अज़हर मलिक
लोकेशन : काशीपुर

उप जिला अस्पताल लक्ष्मण दत्त भट्ट में चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक से पहले मुख्य विकास अधिकारी (CDO) दिवेश शाशनी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की वास्तविक स्थिति उजागर हुई—शौचालयों में गंदगी, नल-टोंटियों की चोरी, कमजोर सुरक्षा व्यवस्था, कमरों की टूट-फूट और सफाई की कमी ने अस्पताल की समस्याओं को सामने ला दिया।

सीएमएस डॉ. संजीव दीक्षित ने बताया कि जच्चा-बच्चा वार्ड का सेंट्रलाइज्ड AC पिछले पाँच साल से खराब पड़ा है और इसे ठीक कराने में 25–30 लाख रुपये की आवश्यकता है। CDO ने मरीजों और परिजनों से भोजन, दवाइयों और सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। इलाज को लेकर अधिकांश मरीज संतुष्ट थे, लेकिन भोजन व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिलीं।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है। ऑर्थोपेडिक सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, एनस्थेटिस्ट, साइकेट्रिस्ट और स्किन स्पेशलिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पद खाली हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन होने के बावजूद रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण इसका उपयोग अधूरा है। हार्ट सेंटर की समीक्षा में यह खुलासा हुआ कि उजाला अस्पताल से हैंडओवर दस्तावेज अब तक नहीं मिले हैं, जबकि भवन और उपकरण पहले से ही मौजूद हैं।

निरीक्षण के बाद CDO दिवेश शाशनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राथमिकता के आधार पर एनबीएसयू वार्ड का AC, ड्रेनेज सुधार, भवन मरम्मत, CCTV कवरेज, साइन बोर्ड और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति पर त्वरित कार्रवाई की जाए और प्रस्ताव जल्द शासन को भेजे जाएँ।