

नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों को चेतावनी

देहरादून।
यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के लिए देहरादून संभाग में परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी के निर्देशन में प्रवर्तन अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में दुपहिया वाहनों पर विशेष फोकस करते हुए कार्रवाई की।






अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट बाइक चलाना और नाबालिग स्कूली बच्चों द्वारा दुपहिया वाहन चलाने जैसी गंभीर उल्लंघनाओं पर सख्त कदम उठाए गए।
परिवहन विभाग के अनुसार, एक दिन में 600 से अधिक चालान काटे गए, जबकि 52 वाहनों को जब्त किया गया।





आरटीओ संदीप सैनी ने बताया कि चेकिंग के दौरान कई ऐसे स्कूली बच्चे भी पकड़े गए जो बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चला रहे थे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अपने बच्चों को बालिग होने तक किसी भी प्रकार का दुपहिया वाहन चलाने न दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी लापरवाही दोबारा मिली तो अभिभावकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।




