

शहर में शादी-ब्याह के सीजन के चलते बढ़ते ट्रैफिक दबाव को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस अब सख्त मोड में आ गई है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को कोतवाली हल्द्वानी परिसर में एसपी क्राइम/नैनीताल जगदीश चंद्रा ने सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान की मौजूदगी में शहर के बैंकट हॉल व DJ संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। सभागार में आयोजित इस गोष्ठी का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुरक्षित बनाना रहा।





बैठक में सभी बैंकट हॉल और DJ स्वामियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कई कड़े नियम लागू किए गए। निर्देशों के प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे—

- बारातों में बड़े पहियों वाली लाइटिंग झालरों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई होगी।
- केवल हाथ से पकड़कर चलाए जाने वाले छोटे लाइटिंग झालर ही अनुमति योग्य होंगे।
- सड़क पर बारात की लंबाई अधिकतम 200 मीटर तक सीमित रखने के आदेश दिए गए, ताकि यातायात बाधित न हो।
- बारात की हेड और टेल को अनुशासित ढंग से संचालित करने की जिम्मेदारी बैंकट हॉल व आयोजनकर्ताओं पर रहेगी।




- शहर में हाई-बेस बड़े DJ सेटअप पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया।
- रात 10 बजे के बाद DJ बजाने पर सख्त रोक रहेगी। शिकायत मिलने पर DJ को जब्त किया जाएगा।
- पुलिस अधिकारियों को किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा, SSI रोहिताश सहित शहर के सभी प्रमुख बैंकट हॉल व DJ संचालक मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इन नियमों के लागू होने से सड़क दुर्घटनाओं, जाम और शोर-शराबे में कमी आएगी, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।





