

नैनीताल। शादी–विवाह सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्था को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनपद में सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।

एसएसपी ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना–चौकी प्रभारियों और यातायात निरीक्षकों को स्पष्ट आदेश दिए हैं कि बारात समारोह में होने वाली अनियमितताओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए।




बारात सीजन में अव्यवस्था से बढ़ी समस्या
नैनीताल जिले में बारातों द्वारा बड़े डीजे, भारी व्हील लाइटिंग झालर और सड़कों पर अधिक समय तक कब्जे की वजह से कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही थी। इससे आमजन, विद्यार्थियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह स्थिति देखते हुए पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है।

एसएसपी द्वारा जारी मुख्य निर्देश
- सभी वेडिंग पॉइंट, बैंक्वेट हॉल और बड़े आयोजनों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
- वेडिंग हॉल, डीजे संचालकों और लाइटिंग झालर संचालकों के साथ बैठक कर नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
- पहियों वाले बड़े–बड़े लाइटिंग झालर पूरी तरह प्रतिबंधित, उल्लंघन पर जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।
- केवल हाथ से पकड़कर चलाए जाने वाले झालर की अनुमति दी जाएगी।
- बारात की लंबाई अधिकतम 200 मीटर तक सीमित रहेगी, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
- बारात की हेड और टेल को अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
- हाई-बेस और बड़े डीजे का सड़क पर उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित।
- रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर पूर्ण रोक, शिकायत मिलने पर तत्काल ज़ब्ती कार्रवाई होगी।
- क्षेत्र में किसी भी अनियमितता पर सम्बंधित थाना/चौकी प्रभारी तुरंत कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होंगे।


नैनीताल पुलिस की अपील
नैनीताल पुलिस ने जनपदवासियों से विवाह आयोजनों को सुव्यवस्थित, शालीन और यातायात नियमों के अनुरूप आयोजित करने की अपील की है।

जनपदवासी नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
उल्लंघन की शिकायत कंट्रोल रूम— 9411112979 या 112 पर दर्ज कराई जा सकती है।




