

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

दो दिन पहले घर से लापता हुए अमित झा (35 वर्ष), निवासी चंद्रेश्वर नगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की मौत जहरीला पदार्थ खाने के कारण हुई हो सकती है।




कोतवाली पुलिस के मुताबिक, सरकारी अस्पताल से सूचना मिली कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद एक युवक को लाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेते हुए मृतक के हालात की छानबीन शुरू कर दी है।




पुलिस के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने बताया कि युवक दो दिन पहले घर से बिहार जाने का बहाना बनाकर निकला था, लेकिन गांव नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। युवक दो दिन से भैरव मंदिर के पीछे एक होम स्टे में कमरा लेकर रुका था। सोमवार की देर रात उसकी तबियत बिगड़ने पर कर्मचारी उसे स्कूटी पर बैठाकर सरकारी अस्पताल ले आए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अभी मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, लेकिन डॉक्टरों का अनुमान है कि पेट में जहरीला पदार्थ जाने के कारण मौत हुई। अमित झा स्थानीय बाजार में व्यापारी की दुकान पर नौकरी करता था।




