

इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ करेंगे उद्घाटन, मुख्यमंत्री धामी देंगे केलकर युवा पुरस्कार

देहरादून। राजधानी देहरादून आगामी 28, 29 और 30 नवंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन की मेजबानी करने जा रहा है। अधिवेशन को लेकर संगठन की राष्ट्रीय टीम ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं के आने की उम्मीद है।




अधिवेशन का औपचारिक उद्घाटन 28 नवंबर की सुबह इसरो के पूर्व अध्यक्ष एस. सोमनाथ द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार इस वर्ष गोरखपुर के कृष्णा पांडेय को दिया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदान करेंगे।



दूसरे दिन पारंपरिक वेशभूषा में एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इसके अलावा, अधिवेशन में शिक्षा, युवा, लाइफस्टाइल और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित कुल पांच प्रस्तावों पर गहन मंथन किया जाएगा।

अधिवेशन को लेकर देहरादून में उत्साह का माहौल है और सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




