

18 जिलों में सफल आयोजन, अब देहरादून में 24 नवम्बर को होगा कार्यक्रम

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए पूरे प्रदेश में 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक महिला सम्मेलनों की श्रृंखला चलाई जा रही है। यह अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में बेहद प्रभावी साबित हो रहा है।




रुचि भट्ट ने बताया कि मोर्चा द्वारा प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर छोटे-छोटे मेले और स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित और बेचने का अवसर दिया जा रहा है। अब तक 18 जिलों में सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जहां महिलाओं ने उल्लेखनीय बिक्री दर्ज की है।



अगला बड़ा आयोजन 24 नवंबर को देहरादून में प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बैठकें जारी हैं। उन्होंने बताया कि इस बार शहरी क्षेत्र की उद्यमी महिलाएं, फिक्की फ्लो की सदस्य, और सरस मेले में सक्रिय समूहों की बड़ी संख्या भी सम्मेलन में शामिल होने वाली है, जिसके चलते यह कार्यक्रम और भी प्रभावशाली होने की उम्मीद है।

महिला मोर्चा का मानना है कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को न सिर्फ रोजगार के अवसर प्रदान कर रहे हैं बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी दे रहे हैं।




