

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर अभद्रता के आरोप, लोगों में नाराजगी

जम्मू–कश्मीर में शहीद हुए अग्निवीर दीपक सिंह बोहरा के सोमवार को हुए अंतिम संस्कार के दौरान एक विवादित घटना सामने आई है। अंतिम संस्कार स्थल पर लोहाघाट के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी और पुलिस के एक दरोगा के बीच जोरदार बहस हो गई। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।



वायरल वीडियो में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी दरोगा से तीखे लहज़े में बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कथित रूप से विधायक दरोगा को “अपना नौकर” बताते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि “पहले तेरा काम हो जाएगा, यह काम बाद में होगा।” संवेदनशील माहौल के बीच विधायक के इस रवैये को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वीडियो में विधायक के साथ मौजूद ब्लॉक प्रमुख बेटे को भी पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाते और अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है। लोगों ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि शहीद के अंतिम विदाई समारोह जैसे गमगीन मौके पर विधायक की यह हरकत “शहादत को फीका करने वाला व्यवहार” है।


लोगों का कहना है कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने मौके की नाजुकता को नजरअंदाज करते हुए सत्ता की हनक दिखाई और सुरक्षा कर्मियों को धमकी देते हुए असंवेदनशील भाषा का इस्तेमाल किया।

वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी है, और लोग मांग कर रहे हैं कि शहीद के सम्मान में ऐसे व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।





