विधायक कैड़ा ने किया गांवों का दौरा, बढ़ते बंदर प्रकोप पर DFO से की बात

विधायक कैड़ा ने किया गांवों का दौरा, बढ़ते बंदर प्रकोप पर DFO से की बात

भीमताल विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की टीमें भेजने के निर्देश

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धानाचुली, चौरलेख, मज्यूली, महतोलियागाँव, रिठा पोखरा, नथुवाखान सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विशेष रूप से बंदरों के बढ़ते आतंक और उससे होने वाली परेशानियों को विधायक के सामने रखा।

विधायक कैड़ा ने बताया कि भीमताल नगर, ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में बंदरों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बंदर बाजारों में दुकानों से सामान उठा ले रहे हैं, ग्रामीणों के हाथों से चीजें झपट रहे हैं और घरों से सामान चोरी कर ले जा रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बंदरों के कारण खेती-बाड़ी बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है, जिससे ग्रामीण बेहद परेशान हैं।

विधायक कैड़ा ने इस गंभीर समस्या को लेकर DFO नैनीताल से तत्काल वार्ता की। उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के नगर और चारों ब्लॉकों में अलग-अलग टीमें भेजी जाएं, जो पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ें और उन्हें अन्य क्षेत्रों के घने जंगलों में छोड़ा जाए।

विधायक ने कहा कि बंदरों के बढ़ते प्रकोप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, ऐसे में इस समस्या का शीघ्र समाधान बेहद आवश्यक है।