

हरिद्वार के गन्ना किसानों का प्रतिनिधिमंडल धामी से मिला, रखा कई मांगों का मुद्दा

देहरादून/हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को हरिद्वार जनपद के गन्ना किसानों का प्रतिनिधिमंडल मिला। किसानों ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।





किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप गन्ना भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री धामी ने किसानों के साथ ही धूप में लॉन में बैठकर चखा। मुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर किसानों की बात सुनी और उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय का भरोसा दिया।

विधायक आदेश चौहान और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कई मांगें उठाईं, जिनमें—

- रायसी–बालावाली पुल तक तटबंध निर्माण
- इकबालपुर–झबरेड़ा–भगवानपुर क्षेत्र में शुगर मिल की स्थापना
- इकबालपुर–झबरेड़ा क्षेत्र में सिंचाई नहर निर्माण
- डोईवाला शुगर मिल पर किसानों का बकाया भुगतान




किसानों ने आगामी पेराई सत्र 2025-26 के लिए राज्य परामर्शित मूल्य घोषित करने की भी मांग रखी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और गन्ना मूल्य सहित सभी मुद्दों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और पूर्व विधायक संजय गुप्ता भी मौजूद रहे।





