मंगलौर हाइवे पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक, रात में बढ़ रहा हादसों का खतरा—प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल

मंगलौर हाइवे पर ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का आतंक, रात में बढ़ रहा हादसों का खतरा—प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल

लोकेशन – मंगलौर, उत्तराखंड
रिपोर्टर – राहुल सैनी

गन्ना सीजन चरम पर है और जहां किसान अपनी छोटी ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना सुरक्षित रूप से मिल तक पहुंचा रहे हैं, वहीं कुछ व्यापारी खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड ट्रॉली चलाने में जुटे हैं। मंगलौर हाइवे पर रोजाना 200 से 250 कुंतल गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दौड़ रही हैं, जो न केवल कानून का उल्लंघन कर रही हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी बन गई हैं।

स्थिति इतनी खतरनाक है कि इन भारी ट्रॉलियों में न तो रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही कोई सुरक्षा प्रबंध। रात के अंधेरे में ये ओवरलोड ट्रॉली किसी मौत के सामान साबित हो सकती हैं। मिलों की सप्लाई और शहर की सड़कों पर दौड़ते ये भारी वाहन लगातार हादसे की आशंका बढ़ा रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यही है—जब यातायात नियम इतने स्पष्ट हैं, तो इन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है? स्थानीय लोग भी प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।

इसी बीच जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने साफ चेतावनी दी है कि जो भी ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोडिंग में पकड़ी जाएंगी, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

अब देखने वाली बात यह है कि डीएम के आदेशों के बाद क्या सचमुच सड़क पर दौड़ती ये ओवरलोड ट्रॉली थमेंगी, या फिर कुछ व्यापारी किसानों की मेहनत पर सवार होकर यूं ही नियमों की धज्जियां उड़ाते रहेंगे।