

रिपोर्ट: भगवान सिंह
स्थान: पौड़ी बीरोंखाल

पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार और भालू का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के जिवई गांव से सामने आया है, जहां भालू के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।





प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे जिवई गांव की लक्ष्मी देवी, पत्नी महिपाल सिंह, जंगल की ओर गई थीं, तभी भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने महिला को बुरी तरह जख्मी कर दिया। गांव वालों ने शोर मचाकर किसी तरह उन्हें भालू के चंगुल से छुड़ाया।

घायल महिला का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में चल रहा है।

इधर, यूकेडी के जिला संगठन मंत्री बलवंत गुसाईं ने बताया कि घटना के बाद 108 एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों के भी समय पर न पहुंचने पर कड़ा रोष जताया।



उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन विभागीय कार्रवाई घटना के बाद ही शुरू होती है। गुसाईं ने मांग की कि पीड़ित परिवार को तुरंत राहत प्रदान की जाए और भालू के बढ़ते आतंक पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।





