

स्थान: टनकपुर (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

अधिशासी अधिकारी नगर पालिका टनकपुर दीपक बुदलाकोटी ने बताया कि डंपिंग स्थल पर असामाजिक तत्वों द्वारा कूड़े में लगाई गई आग की सूचना मिलते ही नगरपालिका प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर भेजी गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।




भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए डंपिंग स्थल पर निगरानी बढ़ाने और सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत लीगेसी वेस्ट निस्तारण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं से संबंधित प्रस्तावों पर विचार विमर्श के लिए मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन की अध्यक्षता में गठित स्टेट हाई पावर कमेटी की बैठक 31 अक्टूबर 2025 को आयोजित की गई।




बैठक में जनपद चंपावत के टनकपुर, चंपावत और लोहाघाट नगर निकायों में लीगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु भेजे गए प्रस्तावों को समिति ने अनुमोदन प्रदान किया है।
इन प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने से जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों में तेजी आएगी और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से अपशिष्ट निस्तारण सुनिश्चित हो सकेगा। नगरपालिका प्रशासन ने कहा कि यह स्वीकृति स्वच्छता कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त करेगी।




