

लोकेशन: हरिद्वार
रिपोर्ट: धर्मराज

हरिद्वार जिले में बिना परमिशन सेकंड हैंड कारों की खरीद–फरोख्त करने वाले डीलरों पर परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने टीम के साथ हरिद्वार इंडस्ट्रियल एरिया में कई सेकंड हैंड कार शोरूमों पर छापेमारी की।





छापेमारी के दौरान अधिकांश शोरूम संचालक कोई भी वैध परमिशन प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि इन डीलरों द्वारा बिना अनुमति के लंबे समय से कारों की खरीद–फरोख्त धड़ल्ले से की जा रही थी।





एआरटीओ ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चार शोरूमों को तुरंत बंद करा दिया। इसके साथ ही इन शोरूमों में खड़ी 100 से अधिक कारों को ब्लैकलिस्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


एक्शन के बाद क्षेत्र में सेकंड हैंड कार कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। परिवहन विभाग ने साफ किया है कि बिना अनुमति व्यापार करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




