लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने नगर की समस्याओं पर बनाई कार्ययोजना, लॉ कॉलेज की मांग जोर से उठाने का निर्णय

लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने नगर की समस्याओं पर बनाई कार्ययोजना, लॉ कॉलेज की मांग जोर से उठाने का निर्णय

स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट नगर की समस्याओं के समाधान को लेकर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति की कार्यकारिणी बैठक ऐनेक्सी भवन लोहाघाट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने की, जबकि संचालन लोकेश पांडे ने किया।

अध्यक्ष विपिन गोरखा ने बताया कि समिति ने निर्णय लिया है कि जल्द ही संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल नगर पालिका कार्यालय जाकर नगर से जुड़ी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करेगा। इसके साथ ही जल संस्थान, विद्युत विभाग और उपजिलाचिकित्सालय लोहाघाट के अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। समिति इन सभी मुद्दों को संकलित कर जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपेगी।

समिति ने अब तक उठाए गए जनमुद्दों पर फीडबैक लेने का भी निर्णय लिया है।
बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुख रहा कि लोहाघाट में लॉ कॉलेज की लंबे समय से मांग है, जिसकी घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान से की थी, लेकिन समय के साथ यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। संघर्ष समिति अब लॉ कॉलेज की स्थापना के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार कर जल्द ही इस मांग को जोर-शोर से उठाएगी। समिति का कहना है कि चंपावत जिले के छात्रों को लॉ की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।

अध्यक्ष गोरखा ने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समिति जल्द ही प्रशासन के सहयोग से जागरूकता रैली और पैदल वॉक आयोजित करेगी, जिसमें लोहाघाट के बुद्धिजीवियों और सामाजिक प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में मुख्य संरक्षक प्रहलाद मेहता, रमेश बिष्ट, राजकिशोर साह, लोकेश पांडे, दीपक साह, अजय गोरखा और गोपाल कनौजिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।