लक्सर में दिनदहाड़े फायरिंग, 28 वर्षीय युवक मनीष गंभीर रूप से घायल; देहरादून रेफर

लक्सर में दिनदहाड़े फायरिंग, 28 वर्षीय युवक मनीष गंभीर रूप से घायल; देहरादून रेफर

लोकेशन…..लक्सर/(हरिद्वार)
रिपोर्टर….रामगोपाल

लक्सर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। सेठपुर गांव निवासी 28 वर्षीय मनीष पर बाइक सवार हमलावरों ने जिला सहकारी बैंक के पास ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मनीष को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मनीष अपने साथियों सागर, अमन और आनंद के साथ किसी काम से लक्सर आया था। वापस लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। हमले में एक गोली उसके बाएं पैर को चीरती हुई निकल गई, जबकि दूसरी गोली कमर में लगी।

परिजनों ने पुराने विवाद को हमले का कारण बताया है। उनका कहना है कि पहले भी इसी विवाद को लेकर तनाव रहा था और अब फिर से उस पर जानलेवा हमला किया गया है।

लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।