श्रीनगर और मैसमोर में भूकंप मॉक ड्रिल, रेस्क्यू टीमों की तत्परता की हुई जांच

श्रीनगर और मैसमोर में भूकंप मॉक ड्रिल, रेस्क्यू टीमों की तत्परता की हुई जांच

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : पौड़ी

जिले में भूकंप से निपटने की तैयारी को परखने के उद्देश्य से आज व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल के दौरान विभिन्न स्थानों से भूकंप की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और राहत दलों की त्वरित कार्रवाई का आकलन किया गया।

पहली सूचना न्यू बसअड्डा स्टेजिंग एरिया से मिली, जहाँ से मैसमोर इंटर कॉलेज में भवन गिरने की खबर दी गई। सूचना मिलते ही मेडिकल टीम, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और पुलिस मौके के लिए तुरंत रवाना हुई। प्रारंभिक रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि भवन के भीतर छात्र मौजूद हो सकता है, जिससे बचाव दलों को तेजी से रेस्क्यू कार्य में लगाया गया।

इसी दौरान श्रीनगर स्टेजिंग एरिया (एनआईटी मैदान) से परस्वीत गांव में भूकंप की सूचना प्राप्त होने पर एक अन्य राहत एवं बचाव दल को तुरंत रवाना किया गया।

पूरे घटनाक्रम की निगरानी कलेक्ट्रेट सभागार में बनाए गए नियंत्रण कक्ष से की गई, जहां जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन, सुरक्षा बलों और रेस्क्यू टीमों की तैयारियों का परीक्षण करना है।

डीएम ने कहा कि राहत दलों की त्वरित पहुंच, समन्वय और माउंटेन रेस्क्यू सिस्टम की प्रभावशीलता को विशेष रूप से परखा गया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मॉक ड्रिल के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा ताकि आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाया जा सके।