


स्थान – नानकमत्ता
रिपोर्टर – तनवीर अंसारी

कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नानकमत्ता पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम से पहले सीएम धामी ने नानकमत्ता गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री धामी ने महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय, नानकमत्ता में 967.98 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके साथ ही नानकमत्ता नगर पंचायत भवन का भी लोकार्पण किया।




■ भगवान बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ
सीएम धामी ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और समाज को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज देशभर में आदिवासी उत्थान के लिए करोड़ों रुपये के कार्य किए जा रहे हैं।


■ आदिवासी समुदाय के लिए बड़े ऐलान
सीएम धामी ने कहा कि—

- देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू स्वयं जनजातीय समुदाय से आती हैं, जो समाज के सशक्तिकरण का प्रतीक है।
- सरकार ने आदिवासी समाज के विकास के लिए 128 गांवों का चयन किया है।
- चकराता और बाजपुर में विशेष विद्यालय स्थापित किए गए हैं।
- राज्य में 16 राजकीय विद्यालय पद्धति के अंतर्गत संचालित हैं, जहां जनजातीय बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।
- जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह हेतु 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जा रहा है।



सीएम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के मार्गदर्शन से समाज को मजबूत और कुरीतियों से मुक्त बनाने की प्रेरणा मिलती है।
■ नानकमत्ता के लिए विकास घोषणाएं
मुख्यमंत्री धामी ने नानकमत्ता क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं कीं—
- नानकमत्ता में निशुल्क कोचिंग सेंटर खोला जाएगा।
- किसानों के लिए धान की तौल हेतु पोर्टल दोबारा शुरू किया जाएगा।
- साधुनगर में कैलेश नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा।
- नानक सागर क्षेत्र को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा।
- नानकमत्ता बस स्टेशन का नाम महाराणा प्रताप बस स्टेशन किया जाएगा।
सीएम धामी के दौरे से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा, वहीं जनजातीय समाज ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।




