

रिपोर्ट – भगवान सिंह
स्थान – चौबट्टाखाल विधानसभा

ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश, प्रशासन ने नरभक्षी को ढेर करने की अनुमति जारी की

चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के पोखड़ा ब्लॉक अंतर्गत बगड़ीगाड़ गांव में गुलदार द्वारा एक महिला को हमला कर मौत के घाट उतार देने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही गुलदार से संबंधित घटनाओं ने ग्रामीणों में आक्रोश फैला दिया है। लोगों का कहना है कि जंगलों में गुलदारों की संख्या बढ़ने से गांवों पर खतरा बढ़ गया है और रोजमर्रा की गतिविधियाँ प्रभावित हो रही हैं।






घटना के बाद वन विभाग की टीमें इलाके में सक्रिय हैं और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गुलदार का आतंक इस कदर फैल गया है कि बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। रावत ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गुलदार की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



उधर, जिला अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि प्रशासन मामले को गंभीरता से देख रहा है।
डीएम ने कहा कि:
- क्षेत्र में लगातार पुलिस व वन विभाग की गश्त बढ़ाई गई है,
- ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है,
- और नरभक्षी गुलदार को ढेर करने की अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुलदार की दहशत को खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में भय का माहौल खत्म हो सके।




