भैरव अष्टमी पर जूना अखाड़े में भगवान आनंद भैरव का विशेष पूजन, आकर्षक झांकियों ने खींचा ध्यान

भैरव अष्टमी पर जूना अखाड़े में भगवान आनंद भैरव का विशेष पूजन, आकर्षक झांकियों ने खींचा ध्यान

लोकेशन : हरिद्वार
स्थान : धर्मराज

भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर जूना अखाड़े में भगवान शिव के सौम्य रूप भगवान आनंद भैरव का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर अखाड़े के संतों ने भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नगर कोतवाल श्री आनंद भैरव के विशेष श्रृंगार से हुई। पांच प्रहर की पूजा-अर्चना के साथ पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा। मुख्य पुजारी महंत भास्कर पुरी ने बताया कि भैरव अष्टमी भगवान शिव के उग्र स्वरूप काल भैरव के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है।

महंत भास्कर पुरी ने कहा कि इस दिन भगवान काल भैरव की पूजा-अर्चना करने और उनके प्रिय वाहन काले कुत्ते को मालपुआ व मिष्ठान खिलाने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। श्रद्धालुओं ने अखाड़े परिसर में दिनभर पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन में भाग लिया।

भैरव अष्टमी के इस पर्व पर अखाड़े के संतों और श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था का सुंदर संगम प्रस्तुत किया, जिससे पूरा क्षेत्र “जय भैरव बाबा की” के जयकारों से गूंज उठा।