दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड अलर्ट, रामनगर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड अलर्ट, रामनगर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

स्थान : रामनगर/उत्तराखंड
संवाददाता : सलीम अहमद साहिल

दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसका असर उत्तराखंड में भी साफ देखा जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम रामनगर पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजू नाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे की अगुवाई में कोतवाली से फ्लैग मार्च की शुरुआत की गई। पुलिस बल ने मुख्य बाजार, भवानीगंज, चोरपानी रोड और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों से होते हुए मार्च किया और अंत में कोतवाली पहुंचकर इसे समाप्त किया।

फ्लैग मार्च के दौरान सीओ सुमित पांडे ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर पैनी है और सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

रामनगर पुलिस का यह फ्लैग मार्च न केवल सुरक्षा का संदेश देता है बल्कि जनता में भरोसे की भावना भी मजबूत करता है — यह स्पष्ट करता है कि पुलिस हर संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।